एलएनजेपी अस्पताल में अब विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं : सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नए भवन का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में विश्वस्तरीय मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाएं, ओपीडी, प्लास्टर कक्ष, माइनर ओटी, एमआरआई, थेरेपी कक्ष तथा व्यावसायिक चिकित्सा इकाई जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

एलएनजेपी अस्पताल में अब विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं : सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल  के नए भवन का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल परिसर में नवनिर्मित चार सौ बेड क्षमता वाले हड्डी रोग अतिविशिष्ट अस्पताल के नये भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सेवाओं और उपचार की जानकारी ली। 

इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में विश्वस्तरीय मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाएं, ओपीडी, प्लास्टर कक्ष, माइनर ओटी, एमआरआई, थेरेपी कक्ष तथा व्यावसायिक चिकित्सा इकाई जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के नागरिकों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस आधुनिक अस्पताल के शुरू होने से ऑर्थोपेडिक संबंधी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को अब दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। 

उन्होंने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शुभारंभ उसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जहां उपचार और पुनर्वास तक की समस्त सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं समग्र चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल से जुड़े चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।