अब ये होगा लालू प्रसाद और राबड़ी देवी का नया पता, अभी 39 हार्डिंग रोड वाले बंगले में नहीं होंगे शिफ्ट
सरकार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित बंगला आवंटित किया गया है। लेकिन, तय समय सीमा खत्म होने के बावजूद यह बंगला अभी रहने लायक तैयार नहीं हो सका है। सूत्रों के मुताबिक हार्डिंग रोड वाले बंगले में अभी सिर्फ 70 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है। हॉल में पेंटिंग का काम बाकी है, कमरों में एसी लगाने, नए फर्नीचर सेट करने और पूरी साफ-सफाई का काम अभी अधूरा है। हालांकि, काम को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए मजदूरों को दिन-रात काम पर लगाया गया है, लेकिन इसमें अभी और वक्त लगेगा।
DESWA DESK : आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अब अपना सालों पुराना ठिकाना यानी '10 सर्कुलर रोड' का सरकारी बंगला खाली करने जा रहे हैं। सोमवार (29 जून) को इस बंगले को खाली करने की आधिकारिक मियाद खत्म हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि लालू-राबड़ी की नई मंजिल उनका अपना आवंटित आवास नहीं, बल्कि उनके छोटे बेटे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का सरकारी घर होगा। पूरा लालू परिवार अब 1 पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के आवास में शिफ्ट होने जा रहा है।
सरकार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित बंगला आवंटित किया गया है। लेकिन, तय समय सीमा खत्म होने के बावजूद यह बंगला अभी रहने लायक तैयार नहीं हो सका है। सूत्रों के मुताबिक हार्डिंग रोड वाले बंगले में अभी सिर्फ 70 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है। हॉल में पेंटिंग का काम बाकी है, कमरों में एसी लगाने, नए फर्नीचर सेट करने और पूरी साफ-सफाई का काम अभी अधूरा है। हालांकि, काम को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए मजदूरों को दिन-रात काम पर लगाया गया है, लेकिन इसमें अभी और वक्त लगेगा।
चूंकि 10 सर्कुलर रोड खाली करने की आखिरी तारीख 29 जून है और नया घर तैयार नहीं है, इसलिए लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने अपने बेटे के घर रहने का फैसला किया है। लालू यादव और राबड़ी देवी अपने पूरे कुनबे के साथ नेता प्रतिपक्ष के आधिकारिक आवास 1 पोलो रोड में शिफ्ट होंगे। पूरा परिवार एक जुलाई को औपचारिक रूप से 1 पोलो रोड स्थित बंगले में प्रवेश करेगा। जब तक 39 हार्डिंग रोड का बंगला पूरी तरह चकाचक नहीं हो जाता, तब तक राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अपने बेटे के साथ ही रहेंगे।
पटना का '10 सर्कुलर रोड' सिर्फ एक सरकारी बंगला नहीं, बल्कि पिछले डेढ़-दो दशकों से बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा पावर सेंटर रहा है। सरकारें बदलने और लालू परिवार के सत्ता से बाहर होने के बाद भी यह बंगला राबड़ी देवी के नाम पर आवंटित होने के कारण राजद की तमाम राजनीतिक गतिविधियों, रणनीतियों और इफ्तार पार्टियों का मुख्य गवाह रहा है। अब इस बंगले के खाली होने और लालू परिवार के नए पते पर जाने से बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। 1 पोलो रोड अब राजद का नया सियासी मुख्यालय बनने को तैयार है।