फिटनेस सेंटर की अवैध वसूली और चुनाव में अधिग्रहित गाड़ियों के बकाए को लेकर भड़के वाहन मालिक, समाहरणालय पर प्रदर्शन

समस्तीपुर में ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर की कथित मनमानी, अवैध वसूली और विधानसभा चुनाव में अधिग्रहित वाहनों के बकाए मुआवजे का भुगतान न होने से नाराज मोटर व्यवसायियों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला मोटर व्यवसायी संघ के बैनर तले दर्जनों वाहन मालिकों ने समाहरणालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) और जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।

फिटनेस सेंटर की अवैध वसूली और चुनाव में अधिग्रहित गाड़ियों के बकाए को लेकर भड़के वाहन मालिक, समाहरणालय पर प्रदर्शन

DESWA DESK : समस्तीपुर में ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर की कथित मनमानी, अवैध वसूली और विधानसभा चुनाव में अधिग्रहित वाहनों के बकाए मुआवजे का भुगतान न होने से नाराज मोटर व्यवसायियों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला मोटर व्यवसायी संघ के बैनर तले दर्जनों वाहन मालिकों ने समाहरणालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) और जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।

संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर स्थित ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर में वाहनों की जांच के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क से कई गुना अधिक राशि ऐंठी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो वाहन मालिक अवैध राशि देने से मना करते हैं, उनके वाहनों को फिटनेस टेस्ट में फेल कर प्रताड़ित किया जाता है। 

अध्यक्ष ने बताया कि संघ ने पहले भी आठ अगस्त को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन प्रशासन की चुप्पी के कारण सेंटर की मनमानी बेरोकटोक जारी है। अभी तक फिटनेस सेंटर के काले कारनामों को रोका नहीं गया है। उन्होंने कहा कि अगर जिला प्रशासन अविलंब फिटनेस सेंटर के अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाता है तो जिला मोटर व्यवसायी संघ आंदोलन करने को विवश होगा। 

संघ के अध्यक्ष ने कहा कि यदि अविलंब इस अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो संघ बाध्य होकर उग्र आंदोलन करेगा। संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने बताया कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रशासन द्वारा अधिग्रहित की गई गाड़ियों का मुआवजा भुगतान अब तक लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद वाहन स्वामियों को उनका हक नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं।

समाहरणालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल और प्रदर्शन में संघ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, राजबाला राय, कुंदन चौधरी, उमेश राय, संतोष शाह, मुन्ना सिंह, अमितेश कुमार, सुनील राय, विश्वजीत कुमार, रामकृष्ण, विपिन कुमार , मोहम्मद शकूर, मिथिलेश राय, लालू राय, बलराम महतो, रिंकू सिंह, विकास कुमार, सत्यम शिवम, राजेश राय सहित कई मोटर व्यवसायी शामिल थे।