भोजपुर के भीखमपुर गांव में हिंसक झड़प : विवाद सुलझाने गए वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या, दो भतीजे गंभीर रूप से घायल
भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर हुई पंचायत खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद में मध्यस्थता और समझौता कराने पहुंचे वार्ड सदस्य अशोक सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हिंसक वारदात में मृतक के दो चचेरे भतीजे भी लाठी-डंडों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अशोक सिंह भीखमपुर गांव निवासी गांधीजी के पुत्र थे और अगिआंव प्रखंड के डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर 11 के वार्ड सदस्य थे।
DESWA DESK : भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर हुई पंचायत खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद में मध्यस्थता और समझौता कराने पहुंचे वार्ड सदस्य अशोक सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हिंसक वारदात में मृतक के दो चचेरे भतीजे भी लाठी-डंडों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अशोक सिंह भीखमपुर गांव निवासी गांधीजी के पुत्र थे और अगिआंव प्रखंड के डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर 11 के वार्ड सदस्य थे।
बताया जा रहा है कि भीखमपुर गांव में दो परिवारों के बीच बीते कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। मामले को शांत कराने और सामाजिक स्तर पर समझौता कराने के लिए वार्ड सदस्य सुबह वहां पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली सीधे वार्ड सदस्य को लग गई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बचाव में आए मृतक के दो चचेरे भतीजों पर भी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर फैलते ही भीखमपुर गांव समेत पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चौरी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।













