दरभंगा में दिल दहला देने वाली वारदात: सनकी पति ने पत्नी और तीन बच्चों की ली जान, खुद भी किया आत्मघाती हमला

दरभंगा (Darbhanga) के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने.

दरभंगा में दिल दहला देने वाली वारदात: सनकी पति ने पत्नी और तीन बच्चों की ली जान, खुद भी किया आत्मघाती हमला

दरभंगा (Darbhanga) के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में चारों की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

एक बच्चा गंभीर हालत में जिंदा मिला

जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब सात बजे की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर खून से लथपथ हालत में महिला और बच्चों को पाया। एक बच्चा गंभीर हालत में जिंदा मिला, जिसे तुरंत Darbhanga Medical College and Hospital में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था आरोपी

मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला निवासी संदीप दास की पत्नी फूल कुमारी दास (30) और उनके तीन बच्चों ह्रदय दास (7), संध्या दास (6) और सोन दास (5) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संदीप दास परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार अहले सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडे और लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

खुद को भी किया घायल

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया। फिलहाल उसका इलाज Darbhanga Medical College and Hospital में चल रहा है। पुलिस उसकी हालत स्थिर होने के बाद पूछताछ करेगी।

मौके पर पहुंची एफएसएल टीम

घटना की सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस निर्मम वारदात से स्तब्ध हैं।