पटना में कैश वैन लूटकांड का खुलासा, पुलिस एनकाउंटर में बदमाश घायल; 5 लाख कैश और 4 iPhone बरामद
बिहार में अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी में कैश वैन लूटकांड के आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अपराधी को हाफ ...
बिहार में अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी में कैश वैन लूटकांड के आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अपराधी को हाफ एनकाउंटर में घायल कर दिया, जबकि तीन अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
CMS कंपनी की कैश वैन को लूटा
जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 13 मई को CMS कंपनी की कैश वैन से अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
SSP ने बताया कैसे पकड़े गए अपराधी
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि घटना के बाद सिटी एसपी (ईस्ट) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई। इसके बाद लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।
तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया
सोमवार रात पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान एक अन्य आरोपी की लोकेशन मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश दी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
एसएसपी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी।घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके से क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई अहम सामान बरामद किए हैं, जिनमें—लूट के 5 लाख रुपये,लूट की रकम से खरीदे गए 4 iPhone,वारदात में इस्तेमाल बाइक,CMS कंपनी की पर्ची,घटना के समय पहने गए कपड़े,फायरिंग में इस्तेमाल हथियार शामिल हैं।
लगातार एक्शन में पटना पुलिस
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार सुबह भी शिक्षक को गोली मारकर लूटपाट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पैर में गोली मारी थी। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि राजधानी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस अब सख्त रणनीति के तहत काम कर रही है।













