Fuel Price Hike: तेल कंपनियों ने फिर बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम
महंगाई से जूझ रही आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 दिनों के भीतर ..
महंगाई से जूझ रही आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 दिनों के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने इस बार पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक इजाफा किया है। इससे महानगरों समेत कई शहरों में ईंधन की कीमतें नए स्तर पर पहुंच गई हैं।
दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर
पिछले शुक्रवार को भी तेल कंपनियों ने करीब 3 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ाए थे।इसी के साथ दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया।5 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।
कोलकाता में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक
वहीं कोलकाता में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गयी और डीजल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।बात चेन्नई की करें तो यहां पेट्रोल की कीमत 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल की कीमत 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।
15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम देशभर में 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे
जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान बढ़ोतरी से पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम देशभर में 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। जिसके बाद से दिल्ली में पेट्रोल 94.77 से बढ़कर 97.77 रुपये और डीजल 87.67 से 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया था। उस दिन दूसरे बड़े शहरों में भी दाम तेजी से बढ़े थे। कोलकाता में पेट्रोल 108.74, मुंबई में 106.68 और चेन्नई में 103.67 रुपये पहुंच गया। वहीं डीजल कोलकाता में 95.13, मुंबई में 93.14 और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया था।













