“जमीन गिरवी रखकर कर रहे तैयारी” TRE-4 अभ्यर्थियों का पटना में जोरदार प्रदर्शन

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर फूट पड़ा है। शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE-4) का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर में जुटे और सरकार के खिलाफ...

“जमीन गिरवी रखकर कर रहे तैयारी” TRE-4 अभ्यर्थियों का पटना में जोरदार प्रदर्शन

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर फूट पड़ा है। शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE-4) का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर में जुटे और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने “TRE-4 का विज्ञापन जारी करो”के नारे लगाए।अभ्यर्थियों का कहना है कि वे वर्षों से शिक्षक बनने का सपना लेकर तैयारी कर रहे हैं। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पढ़ाई और कोचिंग के लिए जमीन तक गिरवी रख दी, लेकिन सरकार लगातार सिर्फ आश्वासन दे रही है। छात्रों ने नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से जल्द हस्तक्षेप कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

BPSC लाखों युवाओं को सिर्फ आश्वासन देकर समय टाल रहे 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि अभ्यर्थियों को लगातार भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि BPSC परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन-चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा और 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लेकिन अब 8 मई बीत चुका है और अब तक कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है।छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से शिक्षा विभाग और BPSC लाखों युवाओं को सिर्फ आश्वासन देकर समय टाल रहे हैं। इसी नाराजगी को लेकर अभ्यर्थियों ने पटना में मार्च निकालने की तैयारी की, जिसके बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया।

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात 

स्थिति को देखते हुए जेपी गोलंबर के आसपास भारी बैरिकेडिंग की गई है। पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के साथ वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी मंगवाए गए हैं। वहीं, अतिरिक्त पुलिस बल को तीन बसों में भरकर मौके पर भेजा गया है।TRE-4 को लेकर बढ़ते विरोध प्रदर्शन ने नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सामने पदभार संभालने के तुरंत बाद ही बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर टिकी हुई है।