बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार: शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार के ठिकानों पर निगरानी का छापा
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त कार्रवाई के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर के उप विकास आयुक्त (DDC) सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार को निशाने पर लिया है। आय से अधिक संपत्ति के आरोप में केस दर्ज होने के बाद उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही.....
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त कार्रवाई के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर के उप विकास आयुक्त (DDC) सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार को निशाने पर लिया है। आय से अधिक संपत्ति के आरोप में केस दर्ज होने के बाद उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
अवैध संपत्ति जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक
विशेष निगरानी इकाई ने बृजेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए लगभग 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक है।
टीम ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी शुरू की है
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर टीम ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर स्थित उनके सरकारी दफ्तरों और आवासीय परिसरों में चल रही है।फिलहाल निगरानी टीम द्वारा तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी के दौरान अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य मिलने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि सरकार अब इस मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है।













