बिहार में नया सियासी अध्याय, JDU में शामिल हुए निशांत कुमार, महावीर मंदिर में पूजा, मजार पर चढ़ाई चादर
बिहार की सियासत में रविवार को एक नई शुरुआत देखने को मिली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी जॉइन करते हुए सक्रिय राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत की। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और ...
बिहार की सियासत में रविवार को एक नई शुरुआत देखने को मिली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी जॉइन करते हुए सक्रिय राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत की। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी लोग मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार सबसे पहले पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे पटना हाईकोर्ट के पास स्थित मजार पर भी गए और वहां चादर चढ़ाई। माना जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी समय-समय पर इस मजार पर जाकर मत्था टेकते रहे हैं।पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि जदयू एक परिवार की तरह है और सभी लोग मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। निशांत ने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो काम किए हैं, उन्हें आगे भी आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
पिता के मार्गदर्शन में काम करेंगे
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पिता का राज्यसभा जाने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय है और वे उसका सम्मान करते हैं। निशांत ने कहा कि वे अपने पिता के मार्गदर्शन में काम करेंगे और बिहार में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।बता दें कि जदयू कार्यालय में उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच उनका स्वागत किया गया। इस दौरान जय नीतीश-जय निशांत और निशांत हैं तो निश्चिंत हैं जैसे नारे भी लगाए गए। कार्यालय के बाहर उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर भी लगाए गए थे।
पिता से लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, बिजेंद्र यादव और रामनाथ ठाकुर समेत कई वरिष्ठ नेता नेता मौजूद रहे।वहीं, पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।













