सारण में कपल से वसूली का आरोप: वीडियो वायरल होते ही SI और महिला सिपाही सस्पेंड
बिहार के सारण जिला से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो सामने आते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।बताया जा रहा है कि मामला करीब दो महीने पुराना है, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह सुर्खियों में आया। वीडियो में कथित तौर पर एक प्रेमी जोड़े....
बिहार के सारण जिला से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो सामने आते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।बताया जा रहा है कि मामला करीब दो महीने पुराना है, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह सुर्खियों में आया। वीडियो में कथित तौर पर एक प्रेमी जोड़े से पुलिसकर्मियों द्वारा जबरन वसूली की कोशिश दिखाई दे रही है।
पैसों की मांग की गई
मिली जानकारी के अनुसार, एक पार्क के पास बैठे युवक-युवती की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को गाड़ी में बैठा लिया। उस समय वाहन में सब-इंस्पेक्टर जगदीश शर्मा, महिला सिपाही इंदु कुमारी और चालक उमेश सिंह मौजूद थे।आरोप है कि युवक को थाने ले जाकर मामला दर्ज करने की धमकी दी गई और उससे पैसों की मांग की गई। हालांकि युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह घटना गंडक कॉलोनी स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के पावर हाउस के पास की बताई जा रही है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि 17 फरवरी को थाना के आधिकारिक फोन पर वीडियो प्राप्त हुआ। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।फिलहाल विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।













