बालश्रम के खिलाफ पुलिस का बड़ा संकल्प: DGP विनय कुमार ने दिलाई शपथ, कहा- कानून के साथ संवेदनशीलता जरूरी
बिहार पुलिस अब समाज से बालश्रम जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाने के लिए सिर्फ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके खिलाफ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाएगी। पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने विभाग के तमाम वरीय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बालश्रम के विरुद्ध एकजुट होकर काम करने की शपथ दिलाई।
DESWA DESK : बिहार पुलिस अब समाज से बालश्रम जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाने के लिए सिर्फ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके खिलाफ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाएगी। पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने विभाग के तमाम वरीय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बालश्रम के विरुद्ध एकजुट होकर काम करने की शपथ दिलाई।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाना और एक संवेदनशील, मानवीय पुलिसिंग व्यवस्था को धरातल पर उतारना था। समारोह में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि बालश्रम समाज पर एक बड़ा कलंक है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि समाज से बालश्रम जैसी कुप्रथा को पूरी तरह खत्म करने के लिए केवल कानून का भय काफी नहीं है। जब तक हम आम जनता के बीच इसके दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान नहीं चलाएंगे, तब तक इस व्यवस्था में पूरी तरह सुधार संभव नहीं है।
डीजीपी ने पुलिस बल को नसीहत देते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों से निपटते समय पुलिस का रवैया बेहद संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा हो जिससे पीड़ित बच्चों को सुरक्षित महसूस कराया जा सके और समाज में पुलिस की एक मानवीय छवि उभर कर सामने आए। इस दौरान मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ करने का भी संकल्प दिलाया गया। मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मुहिम को जिला और थाना स्तर तक ले जाया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर बदलाव दिख सके।













