मंत्री बनने के बाद लगातार एक्टिव निशांत कुमार, अक्षरा सिंह संग मुलाकात ने खींचा ध्यान
बिहार की राजनीति और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक खास मुलाकात ने शनिवार को खूब सुर्खियां बटोरीं। नए स्वास्थ्य मंत्री Nishant Kumar से भोजपुरी अभिनेत्री Akshara Singh ने...
बिहार की राजनीति और मनोरंजन जगत से जुड़ी एक खास मुलाकात शनिवार को चर्चा का विषय बन गई। बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें खुद निशांत कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जिसके बाद यह मुलाकात सुर्खियों में आ गई।
निशांत कुमार ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा,
“आज बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह जी से मेरे निवास पर सौजन्य मुलाकात हुई। हम सभी बिहार की तरक्की चाहते हैं। बिहारी भाषाओं की फिल्मों के निर्माण समेत कई विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।”मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अक्षरा सिंह ने बताया कि उन्होंने निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और राज्य की अपेक्षाओं को लेकर दोनों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई।अक्षरा सिंह ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद लोगों को है और उन्हें विश्वास है कि निशांत कुमार इस दिशा में अच्छा काम करेंगे। उन्होंने इस मुलाकात को पूरी तरह शिष्टाचार भेंट बताया।
भाजपा की जीत पर भी दी प्रतिक्रिया
मीडिया से बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की हालिया जीत पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय बाद वहां पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभालने के बाद निशांत कुमार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद उन्होंने लगातार दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।उन्होंने पटना मेडिकल कॉलेज समेत बिहार के बड़े सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था, इलाज की स्थिति और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को हर स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
“हर वर्ग को मिले बेहतर स्वास्थ्य सेवा”
निरीक्षण के बाद निशांत कुमार ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना है ताकि अमीर-गरीब, हर जाति और हर वर्ग के लोगों को समान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।फिलहाल, स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार की सक्रियता और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ उनकी मुलाकात बिहार की राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं में बनी हुई है।













