भागलपुर को मिली इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बिहार के भागलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस..
बिहार के भागलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत जिले में मॉडर्न ई-बस टर्मिनल बनाया जाएगा। तिलकामांझी स्थित सरकारी बस स्टैंड में बनने वाले इस टर्मिनल के लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के तहत बनने वाले इस ई-बस टर्मिनल पर करीब 6 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपये सिविल वर्क पर लगाए जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि जुलाई महीने से ई-बस डिपो के निर्माण का काम शुरू हो सकता है।
400 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी,
नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाएगा। यहां 10 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। इसके अलावा जी प्लस वन प्रशासनिक भवन, वॉशिंग एरिया, वर्कशॉप बिल्डिंग और सुरक्षा चौकियों का भी निर्माण किया जाएगा। टर्मिनल में करीब 25 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की व्यवस्था होगी। वहीं 10 डीजल और सीएनजी बसों के लिए भी अलग प्रावधान रखा गया है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत बिहार को 400 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, जिनमें से 50 बसें भागलपुर जिले को दी जाएंगी।
पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटो, टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। करीब 9.66 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस टर्मिनल का पार्किंग एरिया लगभग 5.6 एकड़ में फैला होगा। भागलपुर के लिए यह परियोजना कई मायनों में खास मानी जा रही है। इससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।













