“ज्यादा बोलना न पड़े वरना .....”, मंत्री दिलीप जायसवाल का सख्त बयान
बिहार सरकार में नए मंत्रियों के पदभार ग्रहण करने के साथ ही विभागों में एक्शन शुरू हो गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी..
बिहार सरकार में नए मंत्रियों के पदभार ग्रहण करने के साथ ही विभागों में एक्शन शुरू हो गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी संभालने के दूसरे ही दिन मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सिस्टम में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, जबकि ईमानदारी से काम करने वालों को सम्मान मिलेगा।
ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए, वरना ...
शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने सख्त लहजे में कहा कि अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए, वरना “कहर ढहेगा”।मंत्री ने कहा कि अब विभाग के पास जमीन का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड मौजूद है। ऐसे में जमीन माफिया कागज फाड़कर भी गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।“सिस्टम में गलत करने वाले सीधे जेल जाएंगे और अच्छा काम करने वालों को सम्मान मिलेगा।”
पहले भी विभाग में सख्त कार्रवाई की गई थी
डॉ. दिलीप जायसवाल ने अपने पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी विभाग में सख्त कार्रवाई की गई थी और इस बार भी भ्रष्टाचार या लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की छवि सुधारना उनकी प्राथमिकता है ताकि आम लोगों को जमीन और दाखिल-खारिज से जुड़े कामों में परेशानी न हो।
हड़ताल के कारण कई काम प्रभावित
मंत्री ने यह भी बताया कि विभाग में पिछले करीब तीन महीनों से कर्मचारियों और पदाधिकारियों की हड़ताल के कारण कई काम प्रभावित हुए थे। इससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।हालांकि अब विभागीय प्रयासों से कामकाज धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। उन्होंने माना कि निचले स्तर पर विभाग की कार्यशैली को लेकर कई शिकायतें हैं, लेकिन सरकार साफ-सुथरी व्यवस्था देने के लिए लगातार काम कर रही है।













