BJP के डॉ. प्रेम कुमार निर्विरोध बिहार विधानसभा अध्यक्ष चुने गए, सदन में गूंजे महादेव-जय श्री राम के नारे

बिहार की 18वीं विधानसभा को नया अध्यक्ष मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुन लिए गए हैं और उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है।लगातार नवीं बार विधायक बनकर सदन पहुंचे प्रेम कुमार का यह चयन कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है।सोमवार को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र........

BJP के डॉ. प्रेम कुमार निर्विरोध बिहार विधानसभा अध्यक्ष चुने गए, सदन में गूंजे महादेव-जय श्री राम के नारे

बिहार की 18वीं विधानसभा को नया अध्यक्ष मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुन लिए गए हैं और उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है।लगातार नवीं बार विधायक बनकर सदन पहुंचे प्रेम कुमार का यह चयन कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है।सोमवार को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर के सामने तेजस्वी यादव के पहले और मंत्रियों के बाद विधायक के रूप में डॉ. प्रेम कुमार ने शपथ ली थी। इसके बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चयन के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। आज उन्हें निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। 

सदन में “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारे गूंज उठे
बता दें कि प्रेम कुमार को  निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदन में “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारे गूंज उठे। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव खुद प्रेम कुमार को अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर गए और उन्हें बैठाकर बधाई दी। सीएम नीतीश कुमार ने उनकी जीत पर पूरे सदन की तरफ से शुभकामनाएं दीं और सभी नवनिर्वाचित विधायकों को भी बधाई दी।

 राजनीति में एक मजबूत और भरोसेमंद चेहरा 
दरअसल गया टाउन से लगातार नौ बार चुनाव जीत चुके डॉ. प्रेम कुमार बिहार की राजनीति में एक मजबूत और भरोसेमंद चेहरा माने जाते हैं।1990 से लगातार चुनाव जीतना किसी भी नेता के लिए बड़ी उपलब्धि है, और इसी वजह से वे बिहार विधानसभा के सबसे अनुभवी विधायकों में शामिल हैं।बता दें कि उन्हत्तर वर्षीय प्रेम कुमार का प्रशासनिक अनुभव भी बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा है। वे कृषि, पशुपालन, पर्यटन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण जैसे अहम विभागों का नेतृत्व कर चुके हैं। 

भाजपा विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने कहा....
वहीं  गया टाउन से भाजपा विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि एनडीए नेतृत्व और पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है। उनके आदेश के बाद मैंने अपना नामांकन किया था। आज मुझे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मैं सभी का धन्यवाद करता हूं। नवीं बार विधायक चुनकर यहां पहुंचा हूं, इसलिए जनता जनार्दन का भी मैं धन्यवाद करता हूं।