सचिवालय कर्मियों के लिए बड़ी राहत, जानिए नई बस सेवा के सभी रूट
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा की शुरुआत की है। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक ..
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा की शुरुआत की है। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना और सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित, किफायती व सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
परिवहन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया
सोमवार को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हर दिन हजारों सचिवालय कर्मी निजी वाहनों से आवागमन करते हैं, जिससे पटना में ट्रैफिक दबाव और ईंधन खपत लगातार बढ़ रही है। नई इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू होने से सरकारी कर्मियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा और निजी गाड़ियों पर निर्भरता कम होगी।
समयबद्ध और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि इस विशेष सेवा का मुख्य उद्देश्य सचिवालय कर्मियों को समयबद्ध और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। वहीं BSRTC के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि पटना के पांच प्रमुख रूटों पर कुल 25 बसों का परिचालन शुरू किया गया है, जिनमें 15 इलेक्ट्रिक बसें और 10 पिंक बसें शामिल हैं।
इन पांच प्रमुख रूटों पर चलेगी सेवा
१.पटना जंक्शन से सचिवालय तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) से शुरू होने वाली यह बस सेवा आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना उच्च न्यायालय और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय तक जाएगी।समय: सुबह 8:30, 8:40 और 8:45 बजे।
दानापुर से सगुना मोड़ होते हुए सचिवालय पहुंचेगी बस
दानापुर स्टेशन से चलने वाली बस सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, IGIMS, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय तक जाएगी।समय: सुबह 8:15, 8:25 और 8:30 बजे।
कंकड़बाग रूट के यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा
धनुकी मोड़ से शुरू होने वाली यह सेवा कुम्हरार, भूतनाथ रोड, NMCH, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ और करबिगहिया स्टेशन होते हुए विकास भवन तक पहुंचेगी।समय: सुबह 8:20 और 8:25 बजे।
कुर्जी से चलेगी विशेष पिंक बस सेवा
महिलाओं और सचिवालय कर्मियों की सुविधा के लिए शुरू की गई पिंक बस सेवा कुर्जी से पी एंड एम मॉल, पाटलिपुत्र कॉलोनी, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय तक जाएगी।समय: सुबह 8:45 बजे प्रस्थान, सुबह 9:11 बजे आगमन।
गांधी मैदान से भी शुरू हुई नई बस सुविधा
गांधी मैदान से चलने वाली बस डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए विश्वेश्वरैया भवन तक संचालित होगी।समय: सुबह 8:45 और 9:00 बजे।
पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट की दिशा में कदम
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा विकल्प के रूप में भी देखी जा रही है। पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच यह पहल स्मार्ट और ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













