बिहार में मौसम का बदला मिजाज: मॉनसून की विदाई के बाद कोहरे और सिहरन की एंट्री, तापमान में गिरावट
मॉनसून अब अलविदा कह चुका है…और उसके जाते ही बिहार के मौसम ने करवट ले ली है।सुबह-शाम की ठंडी हवाएं, हल्की सिहरन और नीला आसमान…यानी अब सर्दी की दस्तक महसूस होने लगी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट देखी जा रही है। सुबह और शाम की ठंडी हवाओं ने लोगों को हल्की सिहरन का एहसास कराना शुरू कर दिया....

मॉनसून अब अलविदा कह चुका है…और उसके जाते ही बिहार के मौसम ने करवट ले ली है।सुबह-शाम की ठंडी हवाएं, हल्की सिहरन और नीला आसमान…यानी अब सर्दी की दस्तक महसूस होने लगी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट देखी जा रही है। सुबह और शाम की ठंडी हवाओं ने लोगों को हल्की सिहरन का एहसास कराना शुरू कर दिया है।
पश्चिमी हवाओं की दस्तक
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बिहार से मॉनसून की विदाई लगभग पूरी हो चुकी है। जैसे ही मॉनसून कमजोर पड़ा, राज्य में पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ गई है। इन हवाओं की वजह से सुबह के समय ठंडक का अनुभव हो रहा है, खासकर ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा भी दिखने लगा है।राजधानी पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान अभी भी 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ठंडी हवाओं के असर से राज्य में तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 15 अक्टूबर के बाद उत्तर-पश्चिमी बिहार में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। नवंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असली असर महसूस होने लगेगा।
साफ आसमान, शुष्क हवाएं और ठंडी रातें
मॉनसून के जाते ही राज्य में शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। दिन में हल्की धूप और रात में साफ आसमान के कारण रातें ज्यादा ठंडी हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है।मौसम में आ रहे इस बदलाव के चलते लोगों ने रात में हल्की रजाइयों और चादरों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। खासकर बुजुर्ग और बच्चे सुबह-शाम की ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने लगे हैं।