बिहार में ट्रैफिक चालान सिस्टम में बड़ा बदलाव, अब एक ही गलती पर एक दिन में सिर्फ एक बार कटेगा चालान
बिहार में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर वाहन चालकों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया गया है। अब किसी भी वाहन का एक ही गलती के लिए एक ही दिन में केवल एक बार चालान कटेगा। यदि किसी वाहन का चालान पहले ही हो चुका है, तो उसी दिन दोबारा उसी गलती के लिए चालान जारी नहीं किया जाएगा। इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस.................
बिहार में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर वाहन चालकों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया गया है। अब किसी भी वाहन का एक ही गलती के लिए एक ही दिन में केवल एक बार चालान कटेगा। यदि किसी वाहन का चालान पहले ही हो चुका है, तो उसी दिन दोबारा उसी गलती के लिए चालान जारी नहीं किया जाएगा। इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस ने अपने चालान सिस्टम को तकनीकी रूप से अपडेट कर दिया है।
क्यों लिया गया यह फैसला
पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने शिकायत की थी कि एक ही दिन में एक ही गलती के लिए कई बार चालान काटा जा रहा है। कई मामलों में अलग-अलग जगहों पर लगे कैमरों या मोबाइल से फोटो खींचे जाने के कारण एक ही वाहन का चार से पांच बार तक चालान जारी हो गया। इससे लोगों पर हजारों रुपये का जुर्माना लग गया और उन्हें परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े।इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने सिस्टम में सुधार करने का निर्णय लिया।
नया सिस्टम कैसे करेगा काम
नई व्यवस्था के तहत चालान काटने वाली मशीन और मोबाइल एप्लिकेशन तुरंत यह जानकारी दे देंगे कि संबंधित वाहन का उसी दिन पहले ही चालान हो चुका है या नहीं। साथ ही सिस्टम यह भी बताएगा कि चालान किस स्थान पर काटा गया। चालान किस नियम उल्लंघन के कारण जारी हुआ। चालान का समय क्या था। यदि उसी दिन पहले से चालान जारी हो चुका होगा, तो सिस्टम दोबारा चालान काटने की अनुमति नहीं देगा।
पटना में रोज कटते हैं दर्जनों चालान
परिवहन विभाग के अनुसार, पटना शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 चालान जारी किए जाते हैं। इनमें से करीब 10 से 12 मामलों में एक ही वाहन का एक दिन में कई बार चालान कटने की समस्या सामने आती थी। नए सिस्टम अपडेट से अब इस समस्या पर पूरी तरह रोक लगने की उम्मीद है। ऑनलाइन और मोबाइल आधारित चालान प्रक्रिया में कई तकनीकी शिकायतें सामने आई थीं। कुछ मामलों में घर में खड़ी गाड़ियों के चालान जारी हो गए, तो कहीं कार के नंबर पर बाइक का चालान कट गया।
वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत
वहीं नए सिस्टम अपडेट के बाद गलत नंबर पर चालान कटने की संभावना कम होगी। वाहन नंबर तुरंत सिस्टम में चिन्हित हो जाएगा। तकनीकी त्रुटियों पर नियंत्रण लगेगा। परिवहन विभाग का मानना है कि इस फैसले से वाहन चालकों को अनावश्यक जुर्माने से राहत मिलेगी और चालान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनेगी। यह कदम ट्रैफिक नियमों के बेहतर पालन के साथ-साथ आम लोगों की परेशानियों को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है।













