औरंगाबाद हाईवे पर ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर-खलासी ने कूदकर बचाई जान,अग्निशमन ने काबू पाया
बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरसों तेल से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। हालांकि चालक और खलासी की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी...
बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरसों तेल से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। हालांकि चालक और खलासी की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।
अचानक आग की लपटें उठने लगीं
यह घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के रानीगंज के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक औरंगाबाद की ओर से आ रहा था। जैसे ही ट्रक रानीगंज के समीप पहुंचा, उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक जलता हुआ आग का गोला बन गया।घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन दल को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था और केवल उसका ढांचा ही बचा रह गया।
ट्रक में सरसों तेल की खेप लदी हुई थी
जानकारी के अनुसार ट्रक में सरसों तेल की खेप लदी हुई थी, जिसे पार्सल के लिए दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रक औरंगाबाद के एक होटल व्यवसायी का था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक और सह चालक की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।













