मदर्स डे पर भावुक हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां को याद कर साझा किया खास संदेश
दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी दिवंगत मां पार्वती देवी को याद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इस संदेश और वीडियो...
मातृ दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी दिवंगत मां पार्वती देवी को याद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इस संदेश और वीडियो में मुख्यमंत्री ने मातृत्व, त्याग और संस्कारों की महत्ता को बेहद भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया।
मां ही पहली गुरु, पहली मित्र ..
मुख्यमंत्री ने अपनी मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मां ही पहली गुरु, पहली मित्र और ईश्वर का सबसे सुंदर स्वरूप है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।” उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होती हैं। वह बिना किसी अपेक्षा के अपना पूरा जीवन परिवार और बच्चों के लिए समर्पित कर देती हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी माताएं सदैव स्वस्थ, सुखी और सम्मानित रहें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
सम्राट चौधरी के इस भावुक संदेश को सोशल media पर लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। बड़ी संख्या में यूजर्स ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी माताओं के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया। कई लोगों ने मुख्यमंत्री की भावनाओं की सराहना भी की।
राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय थीं पार्वती देवी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की माता पार्वती देवी का वर्ष 2022 में निधन हो गया था। वे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में काफी सक्रिय रही थीं। वर्ष 1998 के उपचुनाव में वह समता पार्टी के टिकट पर विधायक भी चुनी गई थीं। उनके योगदान को आज भी लोग याद करते हैं।













