जदयू में बड़ा फैसला: श्रवण कुमार को विधायक दल की कमान

नालंदा MLA श्रवण कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंजूरी...

जदयू में बड़ा फैसला: श्रवण कुमार को विधायक दल की कमान

श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। जेडीयू विधायकों की बैठक में अंतिम फैसले के लिए नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया था। नीतीश कुमार ने श्रवण कुमार के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। जनता दल यूनाइटेड विधायक दल के नेता के तौर पर चयन का विधानसभा से नोटिफिकेशन जारी हो गया है। श्रवण कुमार नीतीश कुमार के ही गृह जिले से आते हैं। 

 शीर्ष नेतृत्व की मुहर

बता दें कि ‎सोमवार को जेडीयू विधायक दल की एक अहम बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, संजय झा समेत कई विधायक मौजूद थे। इस दौरान डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रस्ताव रखा कि विधायक दल के नेता के चयन का अधिकार पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार को दिया जाए। इस प्रस्ताव का सभी विधायकों ने समर्थन किया । वहीं आज नीतीश कुमार ने श्रवण कुमार के नाम पर मुहर लगा दी है।

 सुरक्षा बढ़ाकर मिला Y+ कैटेगरी

गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही बिहार सरकार ने पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की थी। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। श्रवण कुमार को नेता बनाए जाने पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा— “अच्छा है, उन्हें मैं बधाई देता हूं।”

नीतीश के करीबी माने जाते हैं श्रवण कुमार

बता दें कि श्रवण कुमार को नीतीश कुमार का बेहद भरोसेमंद और करीबी नेता माना जाता है। वे 1995 से लगातार नालंदा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर रहे हैं और लंबे समय से जदयू संगठन और सरकार दोनों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वे नीतीश कुमार के गृह जिले से आते हैं और समता पार्टी के दौर से ही उनके साथ जुड़े हुए हैं।