मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे सम्राट चौधरी: पीएम मोदी से की मुलाकात
बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अपने पहले दिल्ली दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से...
बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अपने पहले दिल्ली दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह दोनों नेताओं की पहली औपचारिक भेंट रही।
सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात मुख्य रूप से शिष्टाचार के तौर पर हुई, हालांकि बिहार में नई सरकार के गठन और संभावित कैबिनेट विस्तार जैसे अहम राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा मुख्यालय में भी हुई बैठक
दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बेहद संक्षिप्त रही और लगभग 5 मिनट तक बातचीत चली।इसके बाद मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने पीएम मोदी से विस्तृत बातचीत की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा ..
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मुलाकात कर विकसित भारत और समृद्ध बिहार के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनका स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई दिशा देगा।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
बता दें कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव ने भी शपथ ली थी, जिन्हें नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। बता दें कि यह दौरा मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला दिल्ली दौरा माना जा रहा है, जहां उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से शिष्टाचार भेंट की।













