बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मैथिली ठाकुर कर सकती हैं राजनीतिक डेब्यू,दरभंगा की अलीनगर सीट से लड़ सकती हैं चुनाव
बिहार की सियासी हलचल इस बार कुछ अलग रंग में नजर आ सकती है। मिथिलांचल से राष्ट्रीय मंच तक अपनी गायकी की प्रतिभा से प्रसिद्ध लोक एवं शास्त्रीय गायिका मैथिली ठाकुर के राजनीतिक डेब्यू की अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में अलीनगर सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई...

बिहार की सियासी हलचल इस बार कुछ अलग रंग में नजर आ सकती है। मिथिलांचल से राष्ट्रीय मंच तक अपनी गायकी की प्रतिभा से प्रसिद्ध लोक एवं शास्त्रीय गायिका मैथिली ठाकुर के राजनीतिक डेब्यू की अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में अलीनगर सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारत निर्वाचन आयोग ने उन्हें बिहार का स्टेट आइकन भी बनाया था
जानकारी के लिए बता दें कि मैथिली ठाकुर का जन्म 25 जुलाई 2000 को मधुबनी जिले के बेनीपट्टी गांव में हुआ था। उन्होंने मैथिली संगीत और शास्त्रीय गायन में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने उन्हें बिहार का स्टेट आइकन भी बनाया था, ताकि वे मतदाताओं को जागरूक कर सकें। सोशल मीडिया पर उनकी विशाल फॉलोइंग उन्हें युवा मतदाताओं के बीच प्रभावशाली बनाती है।
भाजपा के लिए रणनीतिक दांव हो सकता है
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अलीनगर सीट से मैथिली ठाकुर को मैदान में उतारना भाजपा के लिए रणनीतिक दांव हो सकता है। पिछले दो चुनावों में पार्टी ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन मौजूदा विधायक मिश्री लाल यादव के खिलाफ नाराजगी और पार्टी विरोधी गतिविधियों ने स्थिति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
बिहार की ‘बिटिया’
बता दें कि हाल ही में मैथिली ठाकुर ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और भाजपा नेता विनोद तावड़े से मुलाकात की थी। विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया पर उन्हें बिहार की ‘बिटिया’ बताते हुए शुभकामनाएं दीं, जिससे राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। अब बिहार में विधानसभा चुनाव के बिगुल के साथ ही यह साफ हो जाएगा कि मैथिली ठाकुर का राजनीतिक डेब्यू सिर्फ अटकल है या भाजपा की चुनावी रणनीति का नया हथियार।