बिहार विधानसभा चुनाव 2025 :आज जारी होगा एनडीए का साझा घोषणा पत्र,सीएम नीतीश और जेपी नड्डा रहेंगे मौजूद
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) आज अपना साझा घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) जारी करने जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 9:....
 
                                बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) आज अपना साझा घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) जारी करने जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 9:30 बजे राजधानी पटना स्थित होटल मौर्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के सभी घटक दलों के शीर्ष नेता एक मंच पर नजर आएंगे।
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बताया...
बता दें कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया के माध्यम से इस कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह घोषणा पत्र एनडीए के सभी घटक दलों के आपसी विचार-विमर्श और सहमति से तैयार किया गया है। इसमें आने वाले पांच वर्षों में बिहार के समग्र विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की दिशा में एनडीए की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।
युवाओं, महिलाओं और किसानों पर होगा फोकस
सूत्रों के अनुसार, इस बार एनडीए अपने मेनिफेस्टो में कई नई और जनहितकारी घोषणाएं शामिल कर सकता है। इसमें खास तौर पर युवाओं, महिलाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े और ठोस वादों की संभावना जताई जा रही है। गठबंधन का दावा है कि यह घोषणा पत्र “विकसित बिहार के अगले चरण का रोडमैप” साबित होगा।
चुनाव दो चरणों में
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे — पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा।वहीं, महागठबंधन पहले ही अपना घोषणा पत्र जारी कर चुका है, जिसमें रोजगार, शिक्षा और आरक्षण जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। अब राज्य की जनता की निगाहें एनडीए के घोषणा पत्र पर टिकी हैं, जो चुनावी समर में अगला बड़ा राजनीतिक संदेश देने वाला साबित हो सकता है।
 


 Deswa News
                                    Deswa News                                





 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                

 
    
             
    
             
    
             
    
            

 
    
 
    
 
    
 
    
 
    
 
    
                                        
                                     
    
 
    
 
    
 
    

