बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी, पटना में मुठभेड़ के बाद दो अपराधी गिरफ्तार
बिहार पुलिस का चर्चित ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। सिवान के बाद अब राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल...
बिहार पुलिस का चर्चित ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। सिवान के बाद अब राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया।घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र से जुड़ी है। पुलिस के मुताबिक, 13 मई की सुबह भूतनाथ रोड पर शिक्षक शंभू कुमार को गोली मारकर लूटपाट करने वाले अपराधियों का सोमवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास पुलिस से सामना हो गया।
अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने जैसे ही संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली पुलिस की जिप्सी पर लगी, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, दूसरा आरोपी प्रिंस कुमार भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
शिक्षक के बांह में गोली मार दी
मौके पर मौजूद एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि 13 मई की सुबह करीब 4:30 बजे नालंदा के चंडी स्थित विद्यालय में कार्यरत शिक्षक शंभू कुमार अपनी महिला सहकर्मी वीणा कुमारी के साथ बस पकड़ने जा रहे थे। तभी भूतनाथ रोड के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर शिक्षक के बांह में गोली मार दी थी।
दोनों अपराधियों से पूछताछ
घटना के बाद से पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी दौलतपुर के रहने वाले हैं और जाकरियापुर में किराए के मकान में रहकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी दो बार जेल जा चुके हैं और उनका आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस फिलहाल दोनों अपराधियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।













