बिहार राज्यसभा चुनाव: NDA ने दिखाया दम, महागठबंधन में कुछ विधायकों का इंतजार,श्रेयसी सिंह बोलीं- कोई कंफ्यूजन नहीं

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। विधानसभा परिसर में वोटिंग जारी है और शाम तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में होने के कारण इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है, जबकि NDA के पास 202 विधायकों का मजबूत...

बिहार राज्यसभा चुनाव: NDA ने दिखाया दम, महागठबंधन में कुछ विधायकों का इंतजार,श्रेयसी सिंह बोलीं- कोई कंफ्यूजन नहीं

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। विधानसभा परिसर में वोटिंग जारी है और शाम तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में होने के कारण इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है, जबकि NDA के पास 202 विधायकों का मजबूत आंकड़ा है। ऐसे में सबसे ज्यादा नजरें पांचवीं सीट के समीकरण पर टिकी हुई हैं।

200 विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं
बताया जा रहा है कि अब तक NDA की ओर से 200 विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। वहीं महागठबंधन की तरफ से 37 विधायकों ने वोट डाले हैं। राजद के 24 विधायक वोटिंग कर चुके हैं, लेकिन ढाका से विधायक फैसल रहमान का अब भी इंतजार है। बताया जा रहा है कि पार्टी नेता उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। दूसरी ओर कांग्रेस के भी तीन विधायक अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं। इनमें सुरेन्द्र कुशवाहा और मनोज विश्वास से भी पार्टी का संपर्क नहीं हो सका है। इस वजह से विपक्षी खेमे में हल्की बेचैनी देखी जा रही है।

मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजे भी आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। इसी कारण सुबह से ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी दल अपने-अपने विधायकों पर नजर बनाए हुए हैं।इस बीच पहली बार राज्यसभा चुनाव में वोट डालने पहुंचीं अलीगंज विधायक मैथिली ठाकुर भी चर्चा में रहीं। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान कर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने पर भावुक अंदाज में कहा कि वे उन्हें बहुत याद करेंगी, क्योंकि अब तक उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में ही देखा है। बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर पूछे गए सवाल पर मैथिली ठाकुर ने साफ कहा कि यह फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि नए विधायकों को मतदान प्रक्रिया के लिए पहले ही प्रशिक्षण दिया गया था।

हमलोग कॉन्फिडेंट हैं-श्रेयसी सिंह 
वहीं विधानसभा पहुंचीं श्रेयसी सिंह ने भी NDA की ओर से पूरे आत्मविश्वास के साथ जीत का दावा किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है । आगे कहा कि 5वीं सीट आप लोगों के लिए रिस्की होगी लेकिन हमारे लिए नहीं है। यहां तक महागठबंधन के लिए भी रिस्की हो सकती है।विपक्ष के कई स्टेटमेंट खोखले निकल रहे हैं और वो भी लंबे समय से तो अब खोखले बयानबाजी पर कितनी टिप्पणी कीजिएगा।हम आपको बता रहे हैं कि कोई कंफ्यूजन नहीं है। पूरी क्लैरिटी है। हमलोग कॉन्फिडेंट हैं।फिलहाल राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के साथ बिहार की सियासत में हलचल तेज है। सबकी निगाहें अब बाकी विधायकों की मौजूदगी, वोटों के अंतिम आंकड़े और शाम को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं। यह चुनाव सिर्फ पांच सीटों का नहीं, बल्कि बिहार के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों की ताकत का भी बड़ा इम्तिहान बन गया है।