बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत: अनंत सिंह का चुनावी संन्यास, बोले—नीतीश नहीं तो हम भी नहीं.. बेटा लड़ेगा चुनाव

बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा से विधायक और लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मौजूदा कार्यकाल उनका आखिरी कार्यकाल होगा और अब वह आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके इस बयान को बिहार की सियासत में एक....

बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत: अनंत सिंह का चुनावी संन्यास, बोले—नीतीश नहीं तो हम भी नहीं.. बेटा लड़ेगा चुनाव

बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा से विधायक और लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मौजूदा कार्यकाल उनका आखिरी कार्यकाल होगा और अब वह आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके इस बयान को बिहार की सियासत में एक बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी 
दरअसल, बिहार विधानसभा में सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने खुलकर कहा कि अब वह सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बना लेंगे। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तो फिर उनके लिए विधायक बने रहने का कोई मतलब नहीं है।अनंत सिंह ने कहा कि वह पहले भी यह बात कह चुके हैं कि अगर नीतीश कुमार राजनीति के उस रूप में नहीं रहेंगे, तो वह भी आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “इस बार मैं विधायक बन गया हूं, लेकिन यही मेरा आखिरी चुनाव था।” इस बयान के साथ उन्होंने यह भी संकेत दे दिया कि मोकामा की राजनीति में अब अगली पीढ़ी की एंट्री होने जा रही है।

यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था
मोकामा विधायक ने स्पष्ट कहा कि अब आगे चुनावी जिम्मेदारी उनके परिवार की होगी। उन्होंने बताया कि अगला विधानसभा चुनाव उनका बेटा लड़ेगा। अनंत सिंह ने कहा, “यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था। अब मेरे बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे और जनता की सेवा करेंगे।” इस बयान के बाद मोकामा समेत पूरे बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।इसी दौरान अनंत सिंह ने अपने जेल से बाहर आने को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह एक महीने के भीतर जेल से बाहर आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सब कुछ साफ हो जाएगा और वह फिर अपने समर्थकों के बीच होंगे।वहीं, जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला नीतीश कुमार ही करेंगे। हालांकि इस सवाल पर उन्होंने ज्यादा कुछ बोलने से परहेज किया।

अनंत सिंह नाराज नजर आए
तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार में बेहतर नेता कौन है, इस सवाल पर अनंत सिंह नाराज नजर आए। उन्होंने इस सवाल को फालतू बताते हुए कोई जवाब देना उचित नहीं समझा।गौरतलब है कि मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह का लंबे समय से खास प्रभाव रहा है। ऐसे में उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले चुनाव में उनके बेटे को जनता कितना समर्थन देती है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि अनंत सिंह का यह फैसला बिहार की राजनीति में नए समीकरण गढ़ सकता है।