नालंदा दौरे पर सीएम सम्राट, बेटियों की सुरक्षा और रोजगार पर बड़ा ऐलान
नालंदा से बिहार की सुरक्षा, विकास और सुशासन को लेकर बड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों..
नालंदा से बिहार की सुरक्षा, विकास और सुशासन को लेकर बड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक स्कूल-कॉलेज से हर बेटी सुरक्षित घर नहीं पहुंच जाती, तब तक बिहार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी। साथ ही उन्होंने पंचायत स्तर तक प्रशासन को सक्रिय करने और युवाओं के लिए बड़े रोजगार लक्ष्य का भी ऐलान किया।
जन्मस्थली पर आयोजित राजकीय मेले का उद्घाटन
बता दें कि शुक्रवार को नालंदा जिले के परनावा गांव पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर आयोजित राजकीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।सीएम सम्राट ने ऐलान किया कि 19 मई से बिहार की हर पंचायत में सरकारी अफसर बैठेंगे, जो आम लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान की दिशा में काम करेंगे। बता दें कि इसे प्रशासन को जनता के और करीब लाने की बड़ी पहल माना जा रहा है।
राज्य के विकास विजन को भी दोहराया
वहीं अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास विजन को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार द्वारा दिखाए गए विकास पथ पर चलने की प्रतिबद्धता भी जताई।सीएम सम्राट ने शिक्षा और रोजगार पर जोर देते हुए कहा कि राज्य के हर जिले में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे और वर्ष 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।
आगे का कार्यक्रम:
जानकारी के लिए बता दें कि नालंदा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गया के लिए रवाना हो गए, जहां वे भगवान बुद्ध का दर्शन करेंगे और बोधगया कॉरिडोर का निरीक्षण भी करेंगे। उनके दौरे को लेकर गया में एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई है।
बोधि वृक्ष की पूजा-अर्चना
इससे पहले पटना में भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधिवृक्ष और श्रीलंका के अनुराधापुरम से लाए गए पवित्र बोधि वृक्ष की पूजा-अर्चना की। दरअसल सीएम सम्राट चौधरी का यह दौरा न सिर्फ विकास और प्रशासनिक सुधार के संकेत देता है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकता को भी स्पष्ट करता है।













