बिहार से दिल्ली, पंजाब और राजस्थान तक सीधी बसें, 150 नई अंतरराज्यीय बसों की तैयारी

अगर आप बिहार से दिल्ली, पंजाब या हरियाणा की यात्रा करते हैं और हर बार कन्फर्म ट्रेन टिकट के लिए परेशान रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) होली के बाद यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। पटना समेत राज्य के कई जिलों से अब दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए सीधी सरकारी बस सेवा शुरू.....

बिहार से दिल्ली, पंजाब और राजस्थान तक सीधी बसें, 150 नई अंतरराज्यीय बसों की तैयारी


अगर आप बिहार से दिल्ली, पंजाब या हरियाणा की यात्रा करते हैं और हर बार कन्फर्म ट्रेन टिकट के लिए परेशान रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) होली के बाद यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। पटना समेत राज्य के कई जिलों से अब दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए सीधी सरकारी बस सेवा शुरू की जाएगी।

150 नई अंतरराज्यीय बसों की तैयारी
बीएसआरटीसी द्वारा कुल 150 नई अंतरराज्यीय बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए बसों की खरीद के साथ-साथ पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर निविदा प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। दिल्ली और हरियाणा रूट पर बस चलाने के इच्छुक वाहन मालिक 10 फरवरी तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

दिल्ली रूट पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस
वर्तमान में बिहार का बस समझौता झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक ही सीमित है। अब पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के साथ भी स्थायी बस समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है। नए रूट चार्ट के मुताबिक, सबसे अधिक बसें दिल्ली के लिए चलाई जाएंगी, जिससे राजधानी जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

अब त्योहार नहीं, साल भर मिलेगी सुविधा
अब तक बिहार से लंबी दूरी की बसें केवल होली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान ही सीमित समय के लिए चलाई जाती थीं। लेकिन नई योजना के तहत अब साल भर लग्जरी एसी सीटर और स्लीपर बसों का संचालन होगा। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए खास तौर पर फायदेमंद साबित होगी, जिन्हें ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिल पाता।सरकारी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और भरोसेमंद यात्रा का विकल्प मिलेगा, साथ ही निजी बसों की मनमानी पर भी अंकुश लगेगा।