डॉ. प्रेम कुमार की समीक्षा बैठक: परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
गया जी के सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और जनोपयोगी..
गया जी के सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया। बैठक में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिल सके।
400 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
बैठक से पहले अध्यक्ष ने गया के पुराने बस स्टैंड परिसर में बने इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। करीब 5.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन भविष्य की परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में जल्द ही 400 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिनमें से 50 बसें गया जिले को मिलेंगी। ये बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 200 किलोमीटर तक चल सकेंगी और शुरुआती चरण में इन्हें मगध प्रमंडल में चलाया जाएगा।
22 नई बसों के परिचालन की योजना
परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए गया से अन्य राज्यों के लिए 22 नई बसों के परिचालन की योजना बनाई गई है। इनमें 11 एसी और 11 नॉन-एसी बसें शामिल होंगी, जिससे गया को देश के प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। वर्तमान में उपलब्ध 149 बसों के मुकाबले इन नई बसों के लिए रूट भी तय कर दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को ज्यादा विकल्प और किफायती यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए समर्पित
महिलाओं की सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए गया जिले में आठ पिंक बसों का संचालन शुरू किया गया है। ये सीएनजी आधारित बसें विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए समर्पित हैं। साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आईडीटीआर औरंगाबाद में महिला चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।













