राजस्थान के भिवंडी में केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 मजदूरों की मौत

सोमवार सुबह राजस्थान के भिवाड़ी जिले में खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग....

राजस्थान के भिवंडी में केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 मजदूरों की मौत

सोमवार सुबह राजस्थान के भिवाड़ी जिले में खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ी त्रासदी हुई। आग की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली स्थित एम्स में रेफर किया गया है।

‎प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश मजदूर बिहार के रहने वाले थे। इनमें से 5 मजदूर मोतिहारी जिले के थे, जिनके परिवार फैक्ट्री के पास किराए के मकानों में रह रहे थे।

‎फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे

‎घटना सुबह लगभग साढ़े नौ बजे हुई, जब फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे अफरातफरी मच गई। कई मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कुछ अंदर ही फंस गए।

‎प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं

‎एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और अंदर फंसे मजदूरों के शव बाहर निकाले गए।एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र है। उन्होंने किसी तिवारी को यह फैक्ट्री लीज पर दी थी। दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है।

‎अवैध रूप से पटाखे भी बनाए जा रहे थे

‎वहीं प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में केमिकल के साथ अवैध रूप से पटाखे भी बनाए जा रहे थे। प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है।