1 अणे मार्ग से 7 सर्कुलर रोड तक: नई भूमिका की ओर बढ़ते नीतीश कुमार
करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता का केंद्र रहा मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग अब एक नए अध्याय का साक्षी बनने जा रहा है। लंबे समय तक इसी आवास से राज्य की राजनीति और प्रशासन को दिशा देने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब यहां से विदा लेने की तैयारी में हैं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद वे पटना के वीआईपी इलाके में स्थित 7 सर्कुलर रोड स्थित....
करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता का केंद्र रहा मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग अब एक नए अध्याय का साक्षी बनने जा रहा है। लंबे समय तक इसी आवास से राज्य की राजनीति और प्रशासन को दिशा देने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब यहां से विदा लेने की तैयारी में हैं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद वे पटना के वीआईपी इलाके में स्थित 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट होंगे। यह वही परिसर है जहां वे अपने राजनीतिक जीवन के अलग-अलग दौर में पहले भी रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान और बाद के कुछ वर्षों में भी यह उनका निवास रहा है। इसलिए 7 सर्कुलर रोड उनके लिए नया नहीं, बल्कि परिचित और सहज वातावरण वाला स्थान माना जाता है।
चारों ओर से ऊंची दीवारों से घेरा गया है
पटना के वीआईपी और हाई सिक्योरिटी इलाकों में शामिल 7 सर्कुलर रोड परिसर में पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के लिए उच्च सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस सरकारी आवास बनाए गए हैं। पूरे परिसर को चारों ओर से ऊंची दीवारों से घेरा गया है और प्रवेश के लिए नियंत्रित गेट बनाए गए हैं। हर कोने पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी है, जबकि पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती इसे बेहद सुरक्षित बनाती है।आगंतुकों के लिए अलग प्रवेश द्वार और सख्त जांच व्यवस्था भी यहां की सुरक्षा का अहम हिस्सा है। नीतीश कुमार जैसे वरिष्ठ नेता के रहने को देखते हुए आने वाले समय में यहां सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत रहने की संभावना है।
विशाल परिसर और हरियाली
बता दें कि 7 सर्कुलर रोड का यह बंगला अपने विशाल परिसर और हरियाली के लिए भी जाना जाता है। मुख्य भवन के सामने और पीछे फैला बड़ा लॉन इसकी खास पहचान है। परिसर चारों तरफ पेड़ों और हरियाली से घिरा हुआ है, जहां अलग गार्डन और वॉकिंग एरिया भी मौजूद है। इस आवास में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए खास व्यवस्थाएं भी की गई हैं। नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात के लिए अलग मीटिंग हॉल, आगंतुकों के लिए वेटिंग एरिया और प्रेस से बातचीत के लिए निर्धारित स्थान बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी यहां से उनकी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां संचालित हो सकती हैं।
मुख्य भवन की सुरक्षा और गोपनीयता
इसके अलावा परिसर में कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के लिए अलग आवासीय व्यवस्था भी है। सुरक्षा बलों के लिए बैरक, घरेलू स्टाफ के लिए कमरे और ड्राइवर तथा वाहन स्टाफ के लिए अलग क्षेत्र बनाया गया है, जिससे मुख्य भवन की सुरक्षा और गोपनीयता बनी रहती है।करीब 19 वर्षों तक 1 अणे मार्ग बिहार की सत्ता का केंद्र रहा, जहां से नीतीश कुमार ने राज्य की राजनीति को दिशा दी। अब 7 सर्कुलर रोड में उनका शिफ्ट होना केवल आवास परिवर्तन नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक यात्रा के एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।













