UPSC Result 2025 में बड़ा विवाद! Rank 301 पर ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती और गाजीपुर की आकांक्षा सिंह का दावा
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजे सामने आने के बाद रैंक 301 को लेकर एक चौंकाने वाला विवाद खड़ा हो गया है। एक ही रैंक और एक ही रोल नंबर पर दो अलग-अलग आकांक्षा सिंह अपने चयन का दावा कर रही हैं। इस अजीब स्थिति ने सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक हर जगह बहस छेड़ दी है कि आखिर असली चयनित उम्मीदवार कौन है? दरअसल UPSC ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा............
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजे सामने आने के बाद रैंक 301 को लेकर एक चौंकाने वाला विवाद खड़ा हो गया है। एक ही रैंक और एक ही रोल नंबर पर दो अलग-अलग आकांक्षा सिंह अपने चयन का दावा कर रही हैं। इस अजीब स्थिति ने सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक हर जगह बहस छेड़ दी है कि आखिर असली चयनित उम्मीदवार कौन है? दरअसल UPSC ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए हुआ है।
उनके इंटरव्यू भी सामने आए
बता दें कि शुक्रवार को दिनभर एक खबर सुर्खियों में रही कि 301वीं रैंक हासिल करने वाली आकांक्षा सिंह आरा की रहने वाली हैं और वे रणवीर सेना के पूर्व प्रमुख ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया की पोती हैं। कई मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके इंटरव्यू भी सामने आए फिर इस कहानी में नया मोड़ आ गया, जब गाजीपुर की एक अन्य आकांक्षा सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि यूपीएससी में 301वीं रैंक उनकी है। गाजीपुर की आकांक्षा सिंह पटना एम्स में डॉक्टर बताई जा रही हैं।
दो उम्मीदवार एक ही रोल नंबर
विवाद की सबसे बड़ी वजह यह है कि दोनों उम्मीदवार एक ही रोल नंबर—0856794—के आधार पर अपने चयन की बात कह रही हैं। दोनों ने अपने-अपने एडमिट कार्ड भी मीडिया के साथ साझा किए हैं। हालांकि इन एडमिट कार्ड में मौजूद क्यूआर कोड ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है।गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने इंटरव्यू कॉल लेटर साझा किया है। जब उसके क्यूआर कोड को स्कैन किया गया तो उसमें रोल नंबर 0856794 और आवेदन संख्या 12507292880 दिखाई दी। साथ ही उनका परीक्षा केंद्र संख्या 001 बताया गया है। वहीं आरा की आकांक्षा सिंह ने जो एडमिट कार्ड दिखाया है, वह प्रारंभिक परीक्षा का है। उसके क्यूआर कोड को स्कैन करने पर रोल नंबर 0856569 सामने आता है, जबकि एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 लिखा हुआ है। उनके परीक्षा केंद्र की संख्या 115 बताई गई है।
गाजीपुर की आकांक्षा सिंह का दावा ज्यादा मजबूत
क्यूआर कोड से मिली जानकारी के आधार पर फिलहाल गाजीपुर की आकांक्षा सिंह का दावा ज्यादा मजबूत माना जा रहा है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर लोगों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर सच्चाई खुद देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका चयन हुआ है और वे इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।हालांकि आरा की आकांक्षा सिंह भी लगातार मीडिया में इंटरव्यू दे रही हैं और अपने परिवार के बारे में बताते हुए दावा कर रही हैं कि 301वीं रैंक उन्हीं की है। ऐसे में यह मामला अब पूरी तरह यूपीएससी की आधिकारिक पुष्टि पर निर्भर हो गया है। जब तक आयोग रोल नंबर के साथ आवेदन संख्या, अभ्यर्थी का पता या माता-पिता का नाम स्पष्ट नहीं करता, तब तक इस विवाद का पूरी तरह पटाक्षेप होना मुश्किल है। हालांकि आयोग की तरफ से इसको लेकर किसी तरह की पुष्टि नहीं की गई है।













