गांधी मैदान में शपथ समारोह के दौरान चर्चा में रहे नीतीश कुमार, मंच पर दिखे कई दिलचस्प पल
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट सरकार के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उस वक्त हलचल मच गई, जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर मुख्यमंत्री की कुर्सी...
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट सरकार के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उस वक्त हलचल मच गई, जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर मुख्यमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद नेताओं ने तुरंत उन्हें उनकी निर्धारित सीट की ओर ले जाकर स्थिति संभाल ली।
नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन
दरअसल, मंच पर पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद वे मंच के दूसरे हिस्से में गए, जहां शपथ लेने वाले नेता मौजूद थे। उनसे मुलाकात करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी उनकी नजर मंच पर लगी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की कुर्सियों पर पड़ी। बताया जा रहा है कि वे मुख्यमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ने लगे।इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी और जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें इशारों में समझाया कि उनकी सीट आगे निर्धारित है। दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार को आगे बढ़ने का आग्रह किया, जिसके बाद वे अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। इस दौरान मंच पर मौजूद कई नेताओं की नजरें नीतीश कुमार की ओर टिक गई थीं।
इशारों में पूछा तिलक क्यों नहीं लगाया
मंच पर पहुंचते ही नीतीश कुमार लगातार सक्रिय नजर आए। उन्होंने लोगों का अभिवादन किया और मंच के आगे वाले हिस्से में जाकर किसी से इशारों में यह भी पूछा कि तिलक क्यों नहीं लगाया गया। इसके बाद विजय चौधरी उन्हें अपने साथ लेकर आगे बढ़े।समारोह के दौरान नीतीश कुमार ने डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव और विजय कुमार सिन्हा से भी मुलाकात की। वे दोनों नेताओं के कंधे पर हाथ रखकर बातचीत करते नजर आए। इसी दौरान उनके बेटे निशांत कुमार मंच पर पिता के पैर छूते दिखाई दिए।
पीएम के कंधे पर हाथ रखकर बातचीत
वहीं शपथ ग्रहण समारोह के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी नेताओं के साथ समूह तस्वीर खिंचवा रहे थे, तब उन्होंने खास तौर पर नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को प्रणाम किया और फिर उनके कंधे पर हाथ रखकर बातचीत करते नजर आए।













