राजधानी में गैस महंगी, CNG-PNG की नई दरें लागू,ऑटो-टैक्सी चालकों की बढ़ी चिंता
राजधानी पटना के लोगों को बड़ा झटका लगा है। शहर में सीएनजी (CNG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 9 मई 2026 से लागू हो गई हैं। गैस कं...
राजधानी पटना के लोगों को बड़ा झटका लगा है। शहर में सीएनजी (CNG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 9 मई 2026 से लागू हो गई हैं। गैस कंपनियों द्वारा घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक श्रेणी की गैस दरों में इजाफा किए जाने के बाद अब आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। जारी नई दरों के अनुसार घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (DPNG) की कीमत ₹49.44 प्रति एससीएम से बढ़ाकर ₹49.94 प्रति एससीएम कर दी गई है। वहीं वाणिज्यिक उपयोग के लिए सीपीएनजी (CPNG) की दर ₹87.89 से बढ़ाकर ₹93.27 प्रति एससीएम कर दी गई है।
₹1 प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है
औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी गैस महंगी हो गई है। 5000 एससीएम तक खपत वाले आईपीएनजी (IPNG) उपभोक्ताओं को अब ₹81.11 के बजाय ₹86.25 प्रति एससीएम चुकाने होंगे। वहीं 5000 एससीएम से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए कीमत ₹80.90 से बढ़ाकर ₹85.95 प्रति एससीएम तय की गई है। इसके अलावा वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की कीमत में भी ₹1 प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है। अब पटना में सीएनजी ₹88.90 के बजाय ₹89.90 प्रति किलोग्राम मिलेगी। इस बढ़ोतरी का सीधा असर ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों पर पड़ सकता है।
रसोई खर्च में अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ सकता ...
गैस दरों में वृद्धि के बाद होटल, रेस्तरां और छोटे उद्योगों की परिचालन लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी रसोई खर्च में अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ सकता है। इधर, परिवहन क्षेत्र में भी सीएनजी महंगी होने से ऑटो और टैक्सी चालकों की चिंता बढ़ गई है। लोगों के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि 15 मई के बाद ईंधन दरों में संशोधन हो सकता है। हालांकि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया था।













