सम्राट सरकार ने बदले पुलिस महकमे के समीकरण, 16 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने बिहार पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग ने रविवार को इसकी अधिसूचना जारी..
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने बिहार पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग ने रविवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं, जिनका असर राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था पर देखने को मिलेगा।
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण के एडीजी सुधांशु कुमार को अब एडीजी विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में तैनात नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) भेजा गया है।चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र (गया) का पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। वहीं 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा विभाग में पुलिस महानिदेशक (DG) बनाया गया है।
तकनीकी सेवाएं एवं संचार के एडीजी निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) की नई जिम्मेदारी मिली है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन अब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के एडीजी होंगे।इसके अलावा डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे में एडीजी बनाया गया है, जबकि अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। संजय सिंह को एडीजी (प्रशिक्षण) से हटाकर एडीजी (बजट, अपील एवं कल्याण) बनाया गया है।
चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो से हटाकर एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है। वहीं एडीजी सुरक्षा अमृत राज को एडीजी साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी दी गई है।गृह विभाग (विशेष शाखा) के विशेष सचिव केएस अनुपम को अपराध अनुसंधान विभाग में एडीजी (कमजोर वर्ग) नियुक्त किया गया है। रेलवे आईजी पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग बनाया गया है। वहीं रंजीत कुमार मिश्र अब अपराध अनुसंधान विभाग के आईजी होंगे।
इसके साथ ही बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आईजी संजय कुमार को विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।













