बेतिया में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 10 लोग गंभीर रूप से झुलसे, कई की हालत चिंताजनक

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लौरिया बाजार में खाना बनाते समय एक ठेले पर रखा गैस सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस ब्लास्ट में करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। एक .............

बेतिया में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 10 लोग गंभीर रूप से झुलसे, कई की हालत चिंताजनक

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लौरिया बाजार में खाना बनाते समय एक ठेले पर रखा गैस सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस ब्लास्ट में करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। एक ठेले पर खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के दुकानदारों और लोगों को पहले लगा जैसे कोई बम विस्फोट हुआ हो।

सुबह से ही गैस लीकेज की शिकायत
बताया जा रहा है कि सिलेंडर में सुबह से ही गैस लीकेज की शिकायत थी। हालांकि, काम की व्यस्तता और भीड़ के कारण इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। दोपहर तक सिलेंडर काफी गर्म हो चुका था और अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। उस समय ठेले के आसपास करीब 12 से 15 लोग मौजूद थे, जिनमें से 10 लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। कई लोगों के कपड़ों में आग लग गई और वे जमीन पर गिर पड़े।

 मौके पर अफरा-तफरी का माहौल 
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कुछ स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए पानी की बोतलों और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की और घायलों की मदद की।घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस को बुलाया गया, लेकिन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए कई घायलों को ऑटो और बाइक से तुरंत लौरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

 घायलों में कई की स्थिति बेहद गंभीर
स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में कई की स्थिति बेहद गंभीर है। कुछ के हाथ-पैर, चेहरा और सीना बुरी तरह झुलस गया है। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए GMCH बेतिया रेफर कर दिया गया है।इस हादसे में ठेला संचालक भी गंभीर रूप से झुलस गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से इसी ठेले पर खाना बनाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।

दुकानदारों और चश्मदीदों से पूछताछ 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिलेंडर के मलबे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और चश्मदीदों से पूछताछ की है और मलबे को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल, पूरे इलाके में इस हादसे के बाद दहशत और चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।