बिहार के शिक्षकों को जल्द मिलेगा प्रमोशन, तबादला नीति में बड़ा बदलाव; होली से पहले मिलेगा वेतन
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विधान परिषद में शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष समाप्त होते ही राज्य के सरकारी शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।यह मुद्दा परिषद में प्रो. संजय कुमार सिंह द्वारा उठाया गया था। उन्होंने शिक्षकों को.........
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विधान परिषद में शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष समाप्त होते ही राज्य के सरकारी शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।यह मुद्दा परिषद में प्रो. संजय कुमार सिंह द्वारा उठाया गया था। उन्होंने शिक्षकों को समय पर प्रमोशन नहीं मिलने पर सरकार से जवाब मांगा। इस पर शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वित्तीय वर्ष खत्म होते ही विभाग पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करेगा।
अप्रैल से लागू होगी नई तबादला नीति
बिहार में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तबादले को लेकर भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। शिक्षा विभाग नई तबादला नियमावली तैयार कर रहा है, जिसे मार्च तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। इसके बाद राज्य कैबिनेट की मंजूरी लेकर अप्रैल से इसे लागू किया जाएगा।
डीएम की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय कमेटी बनेगी
नई नियमावली के तहत जिलास्तर के शिक्षकों के तबादले के लिए डीएम की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय कमेटी बनेगी। इसमें उप विकास आयुक्त, एडीएम स्तर के अधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) शामिल होंगे। प्रधानाध्यापक और प्रमंडल स्तर के शिक्षकों के तबादले के लिए प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय कमेटी गठित होगी। इसमें क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (RDDE) और अन्य प्रमंडलीय अधिकारी शामिल होंगे। इन कमेटियों की अनुशंसा के आधार पर ही तबादले किए जाएंगे। नई नीति लागू होने के बाद जून 2026 में बड़े पैमाने पर तबादले होने की संभावना है।
राज्यकर्मियों को होली से पहले मिलेगा वेतन
वहीं राज्य के कर्मचारियों के लिए भी राहत भरी खबर है। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने घोषणा की है कि फरवरी महीने का वेतन होली से पहले ही जारी कर दिया जाएगा।राज्य में लगभग 7.5 लाख नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अलावा 5.85 लाख शिक्षक और प्रधानाध्यापक भी इस फैसले से लाभान्वित होंगे।













