बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ी तैयारी : प्रेक्षक बोले-सभी 422 बूथों पर सीपीएमएफ की तैनाती, बूथों पर सीसीटीवी ..लाइव वेबकास्टिंग भी होगी
समाहरणालय में आयोजित बैठक में कहा कि सभी 422 बूथों पर केन्द्रीय सशस्त्र बल (सीपीएमएफ) तैनात रहेंगे। उन्होंने केन्द्रीय बलों एवं जिला बलों को साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च का निर्देश दिया जिससे कि लोग भयमुक्त माहौल में बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
DESWA DESK : बांकीपुर उपचुनाव को लेकर आज समाहरणालय में बड़ी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने कहा कि आपसी समन्वय एवं सहयोग से बांकीपुर उपचुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से जुड़े कोषांगों के नोडल पदाधिकारी तथा पुलिस एवं केन्द्रीय बलों के पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय में आयोजित बैठक में कहा कि सभी 422 बूथों पर केन्द्रीय सशस्त्र बल (सीपीएमएफ) तैनात रहेंगे। उन्होंने केन्द्रीय बलों एवं जिला बलों को साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च का निर्देश दिया जिससे कि लोग भयमुक्त माहौल में बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रतिनियुक्त मतदान पदाधिकारी रात्रि में अपने-अपने बूथों पर ही रहें जिससे कि सुबह में मतदान का कार्य समय पर बिना किसी बाधा के शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवी पैट से मॉकपोल करते समय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। इस चुनाव में दो बैलेट यूनिट का प्रयोग होना है। जहां एक ही जगह कई बूथ हों वहां मतदाताओं की कतार लगाने के लिए फैसिलिटेटर भी जरूर रहें। मतदान के बाद ईवीएम आसानी से सुरक्षित जमा हो, इसे भी सुनिश्चित किया जाए।
व्यय प्रेक्षक शिव प्रताप सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि वे अभ्यर्थियों द्वारा चुनाव कार्य में किये जा रहे खर्च पर पैनी नजर रखें एवं व्यय कोषांग को स्पष्टता से रिपोर्ट करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने मतदान से जुड़े सभी पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव कार्य के दौरान निष्पक्ष रहें एवं अपने आचरण व्यवहार से निष्पक्ष दिखें भी। सेक्टर आफिसरों से उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदान कर्मियों के ठहरने से लेकर खाने-पीने तक की सुविधा बूथों पर ही उपलब्ध रहे।
मतदान के लिये सामग्री प्राप्त करने से वोटिंग बाद जमा करने तक की अवधि में कहीं अन्यत्र न रूकें। चलंत बूथों को पूरी तरह वाटर प्रूफ बनायें एवं वहां भी सभी तरह की सुविधा उपलब्ध रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने हैं। सभी बूथों की लाइव वेबकास्टिंग होगी। यदि किसी बूथ के पास जलजमाव की स्थिति हो तो नगर निगम से कहा गया कि वे जल निकासी की उचित व्यवस्था कर लें।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि यदि किसी बूथ को ईवीएम में कोई समस्या आती है तो ईवीएम बदलने से लेकर जमा करने तक के कार्य में भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी किसी भी सामग्री के लाने-ले जाने की पूरी वीडियोग्राफी हो। सभी लोग सतर्क रह कर काम करें। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनरों की प्रतिनियुक्ति का लोकेशन इस प्रकार रहे कि वे किसी भी बूथ पर तुरंत पहुंच सकें। जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर मतदाता हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी करने को कहा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने सुरक्षा की तैयारी के बारे में बताते हुये कहा कि पुलिस पदाधिकारी, केन्द्रीय बल एवं मतदान दल के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें एवं इस चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। बैठक में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के निर्वाची पदाधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह समेत सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।













