रोजगार और पेपर लीक को लेकर पटना की सड़कों पर फिर भारी बवाल; सीएम आवास घेरने निकले छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, चला वाटर कैनन
पेपर लीक और रोजगार की मांग को लेकर एनएसयूआई छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर दिखा। मंगलवार को राजधानी पटना की सड़कें रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं। सैकड़ों छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने इनकम टैक्स गोलंबर पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, पानी की तेज बौछारों के बावजूद छात्रों के हौसले पस्त नहीं हुए और कई छात्र वाटर कैनन के सामने ही सड़क पर डांस करने लगे, तो कुछ वहीं धरने पर बैठ गए।
DESWA DESK : पेपर लीक और रोजगार की मांग को लेकर एनएसयूआई छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर दिखा। मंगलवार को राजधानी पटना की सड़कें रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं। सैकड़ों छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने इनकम टैक्स गोलंबर पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, पानी की तेज बौछारों के बावजूद छात्रों के हौसले पस्त नहीं हुए और कई छात्र वाटर कैनन के सामने ही सड़क पर डांस करने लगे, तो कुछ वहीं धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन की शुरुआत में पुलिस ने छात्रों को जेपी गोलंबर के पास ही बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और शांत कराने की काफी कोशिश की, लेकिन आक्रोशित छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। इसके बाद छात्र इनकम टैक्स गोलंबर की ओर बढ़ गए, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।
जेपी गोलंबर पर प्रारंभिक रुकावट के बाद इनकम टैक्स गोलंबर बैरिकेडिंग तोड़ दी गई। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और नेताओं व प्रदर्शनकारियों की हिरासत में ले लिया। इस छात्र आंदोलन को राजनीतिक दलों का भी भारी समर्थन मिला। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने वाटर कैनन चलने के बाद विरोध जताते हुए बीच सड़क पर ही लेट गए और सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। वहीं. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने छात्रों के साथ सीधे बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी की।
वहीं, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव प्रदर्शनस्थल पर सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। सड़क पर जमे छात्रों को पुलिस अधिकारियों ने जबरन उठाकर हटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने इनकम टैक्स चौराहे को पूरी तरह से खाली कराकर यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।













