“भारत सरकार GST” बोर्ड लगी कार में गोलीकांड, युवक गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
पटना से सटे फतुहा में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चलती कार में चालक को गोली मार दी गई। वारदात फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन-डुमरी ग्रामीण पथ पर हुई, जहां कार में सवार दो दोस्तों ने कथित तौर पर अपने ही साथी पर ...
पटना से सटे फतुहा में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चलती कार में चालक को गोली मार दी गई। वारदात फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन-डुमरी ग्रामीण पथ पर हुई, जहां कार में सवार दो दोस्तों ने कथित तौर पर अपने ही साथी पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।
घायल युवक की पहचान दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ निवासी स्वर्गीय मनोज राय के 30 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बिट्टू कुमार अपनी अर्टिगा कार से रविवार सुबह पटना से फतुहा की ओर जा रहा था। रास्ते में उसके दो दोस्त भी कार में सवार हुए थे।
आरोपी मौके से फरार
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार फतुहा फोरलेन से डुमरी ग्रामीण पथ की ओर मुड़ी, उसी दौरान कार में बैठे दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पीछे बैठे युवकों ने बिट्टू कुमार की पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही कार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
खोखा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना और नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष कुमार रौशन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार को जब्त कर लिया है, जबकि एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
भारत सरकार GST
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। जिस कार में गोलीबारी हुई, उसके आगे “भारत सरकार GST” का बोर्ड लगा हुआ था। इस पर एसडीपीओ अवधेश कुमार ने कहा कि बोर्ड की वैधता और उसके इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक कार में चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे। डुमरी मोड़ के पास कार को ग्रामीण सड़क की ओर मोड़ने के दौरान आपसी विवाद हुआ, जिसके बाद चालक को गोली मारी गई। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।













