बिहार में फिर बढ़ी गर्मी, 9 जिलों का पारा 40°C पार; रोहतास सबसे गर्म, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के 9 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रोहतास रविवार को सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान....

बिहार में फिर बढ़ी गर्मी, 9 जिलों का पारा 40°C पार; रोहतास सबसे गर्म, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के 9 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रोहतास रविवार को सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44°C के करीब दर्ज किया गया। वहीं बक्सर, कैमूर और शेखपुरा में भी पारा 42°C से अधिक रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी पटना में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल दिखे। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को गर्म हवा और तेज धूप से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पटना समेत बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

हालांकि 18 मई से 20 मई के बीच भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना में भी इस दौरान हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 21 मई तक पटना का अधिकतम तापमान 38°C से 41°C के बीच बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28°C से 30°C तक रहने का अनुमान है। सोमवार को राजधानी का तापमान 41°C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

वहीं 19 मई को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है और अधिकतम तापमान 38°C रहने का अनुमान है। इसके बाद 20 और 21 मई को फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना है। विभाग के अनुसार 20 मई को तापमान 39°C और 21 मई को 41°C तक पहुंच सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान बिहार में बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर रहीं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ चुनिंदा इलाकों में ही हल्की बारिश दर्ज की गई। अब तक बिहार में कुल 122.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक 50.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस बार सामान्य से 143 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। बारिश का असर मुख्य रूप से सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में देखने को मिला। पूर्णिया के बैसा में सबसे अधिक 14.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया के सिकटी में 12.4 मिमी और किशनगंज के पोठिया में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा ठाकुरगंज में 6 मिमी, बहादुरगंज में 2.6 मिमी, दिघलबैंक में 2.4 मिमी और कोचाधामन में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में हल्की बारिश से कुछ समय के लिए तापमान में राहत मिली, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार है।