भागलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बैंक मैनेजर को कुचला, मौके पर मौत
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक मैनेजर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक मधेपुरा-चौसा की ओर से भागलपुर की तरफ जा रहा था और गलत दिशा में तेज गति से चल रहा....
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक मैनेजर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक मधेपुरा-चौसा की ओर से भागलपुर की तरफ जा रहा था और गलत दिशा में तेज गति से चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी सवार महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक के चारों पहिए उसके ऊपर से गुजर गए।
महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला
स्थानीय निवासी ने बताया कि टक्कर आमने-सामने हुई, जिसके बाद महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।मृतका की पहचान 35 वर्षीय सपना कुमारी के रूप में हुई है, जो हरनाथ चक निवासी राजकिशोर शाह की बेटी थीं। सपना उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की अरजपुर शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति रेलवे में कार्यरत हैं और वह दो बच्चों की मां थीं।बताया जा रहा है कि सपना सुबह करीब 10:30 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं, लेकिन महज आधे घंटे के भीतर ही यह हादसा हो गया।
चालक मौके से फरार हो गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ जाम हटाने की कोशिश में जुट गई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।













