LJPR के जवाब में RJD ने लगाया पोस्टर, CM नीतीश को सलाह-ये लोग आपको धोखा देते आए हैं..बुझ जाइए चाचा.. मन में भी लड्डू फूट रहा है
बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। राजनीतिक दल एक दूसरे पर जुबानी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप के साथ साथ पोस्टर के जरिए निशाने साधे जा रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के जवाब में राजद...

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। राजनीतिक दल एक दूसरे पर जुबानी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप के साथ साथ पोस्टर के जरिए निशाने साधे जा रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के जवाब में राजद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आगाह किया है। राजद के पोस्टर में दावा किया गया है कि चिराग पासवान और सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने की चाहत है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सावधान रहना चाहिए।
तेजस्वी यादव ही शुद्ध देसी बिहारी
पटना में लगे पोस्टर में सीएम नीतीश , तेजस्वी यादव, चिराग पासवान और सम्राट चौधरी की तस्वीर लगाई है। राजद ने चिराग पासवान पर तंज कसते हुए लिखा है- "तेजस्वी यादव ही शुद्ध देसी बिहारी, बाकी तो बाहरी हैं।" आगे कहा गया कि चिराग पासवान मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। राजनीति का चिराग जलने वाला नहीं है। वहीं सीएम नीतीश को नसीहत देते हुए लिखा गया है- "ये लोग आपको धोखा देते आए हैं, बुझ जाइए चाचा। सम्राट चौधरी के मन में भी लड्डू फूट रहा है।" वहीं पोस्टर में जलते हुए दीप को फूंक मारकर बुझाते हुए दिखाया गया है। यह पोस्टर राजद नेत्री संजू कोहली की तरफ से एलजेपीआर के जवाब में लगाया गया है।
मेरी कोई महत्वकांक्षा नहीं हैं-चिराग पासवान
गौरतलब हो कि मंगलवार (20 मई) को एलजेपीआर के शेखपुरा जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने पोस्टर लगाया था। पोस्टर में चिराग पासवान को सीएम नीतीश का विकल्प बताने की कोशिश की गई थी। जानकारी के लिए बता दें कि 2015 में जदयू को राजद के साथ आने पर 72 सीटों मिली थीं। 2020 में BJP के साथ जदयू को मात्र 43 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं चिराग पासवान कई बार कह चुके हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन चुनाव लड़ेगा। मेरी कोई महत्वकांक्षा नहीं हैं। सम्राट चौधरी भी सीएम नीतीश के नेतृत्व पर चुनाव में उतरने का ऐलान कर चुके हैं।