पटना NEET छात्रा मामले में परिजनों को दूसरी धमकी, लिखा- ना मानोगे बेटी गई..बेटा भी मरेगा 2 दिन में
पटना की NEET छात्रा की मौत का मामला अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसमें लगातार नए मोड़ आ रहे हैं। जहानाबाद के पैतृक गांव में छात्रा के परिजनों को दो बार धमकी भरे पर्चे मिले हैं, जिसने पूरे परिवार में दहशत फैला दी है। सुरक्षा के लिए घर पर पुलिस तैनात है, लेकिन इसके बावजूद पर्चों का मिलना कई सवाल ख.....
पटना की NEET छात्रा की मौत का मामला अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसमें लगातार नए मोड़ आ रहे हैं। जहानाबाद के पैतृक गांव में छात्रा के परिजनों को दो बार धमकी भरे पर्चे मिले हैं, जिसने पूरे परिवार में दहशत फैला दी है। सुरक्षा के लिए घर पर पुलिस तैनात है, लेकिन इसके बावजूद पर्चों का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
तुम सब लोग मारे जाओगे
पहला धमकी भरा पर्चा शुक्रवार की रात घर के किचन की खिड़की पर पाया गया। पर्चे में लिखा था, “तुम सब लोग मारे जाओगे।” शकूराबाद थाना पुलिस ने पर्चा जब्त कर मामले की जांच शुरू की।मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को उसी स्थान पर दूसरा पर्चा मिला। इस बार धमकी और भी भयानक थी: “ना मानोगे बेटी गई, बेटा भी मरेगा 2 दिन में।” यह पढ़कर परिवार में भय और चिंता दोगुनी हो गई।
पर्चा रखने वाला कौन है?
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम गांव पहुंची और किचन सहित आसपास के हिस्सों से सभी जरूरी साक्ष्य इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पर्चा रखने वाला कौन है और सुरक्षा घेरे के बावजूद घर तक कैसे पहुंच रहा है।छात्रा 6 जनवरी को पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में बेहोश मिली थी और 11 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है। जांच एजेंसी ने तीन दिनों के भीतर दो बार छात्रा के पैतृक गांव में जाकर परिजनों से पूछताछ भी की है। अब धमकी भरे पर्चों के मिलने से पूरा मामला और उलझ गया है। जांच एजेंसियां हर पहलू की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाने में लगी हैं।













