होली से पहले बिहार के यात्रियों पर महंगाई की मार, BSRTC बस किराये में 15% तक बढ़ोतरी की तैयारी

होली से पहले ही बिहार के लाखों बस यात्रियों को महंगाई का झटका लग सकता है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने सरकारी बसों के किराये में 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेज दिया है। निगम मुख्यालय को उम्मीद है कि फरवरी में मंजूरी मिलते ही मार्च यानी होली से पहले नई दरें लागू कर दी जाएंगी।प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही शहर की सिटी बसों से लेकर लंबी दूरी ....

होली से पहले बिहार के यात्रियों पर महंगाई की मार, BSRTC बस किराये में 15% तक बढ़ोतरी की तैयारी

होली से पहले ही बिहार के लाखों बस यात्रियों को महंगाई का झटका लग सकता है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने सरकारी बसों के किराये में 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेज दिया है। निगम मुख्यालय को उम्मीद है कि फरवरी में मंजूरी मिलते ही मार्च यानी होली से पहले नई दरें लागू कर दी जाएंगी।प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही शहर की सिटी बसों से लेकर लंबी दूरी की बसों तक यात्रियों को बढ़ा हुआ किराया चुकाना होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2021 में आखिरी बार बस किराये में संशोधन किया गया था।

सिटी बस यात्रियों पर सीधा असर
शहर के भीतर चलने वाली सिटी बसों के किराये में एक से पांच रुपये तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। सबसे ज्यादा असर इलेक्ट्रिक बसों के यात्रियों पर पड़ने की संभावना है।करगिल चौक से दानापुर स्टेशन जाने का किराया 35 रुपये से बढ़कर 40 रुपये हो सकता है।वहीं, सीएनजी और नॉन-एसी सिटी बसों का न्यूनतम किराया 6 रुपये से बढ़ाकर 7 रुपये करने की तैयारी है।इलेक्ट्रिक सिटी बसों का न्यूनतम किराया 10 रुपये से बढ़कर 12 रुपये होने की संभावना जताई जा रही है।

शहर से बाहर जाने वाली सिटी बसें भी होंगी महंगी
शहर से बाहर चलने वाली सिटी बसों में भी 5 से 12 रुपये तक किराया बढ़ाने का प्रस्ताव है।आईआईटी बिहटा रूट पर किराया करीब 9 रुपये और पालीगंज रूट पर लगभग 12 रुपये तक बढ़ सकता है।लंबी दूरी की बसों में किराये की बढ़ोतरी सबसे ज्यादा महसूस की जाएगी।पटना से रक्सौल जाने वाले यात्रियों को करीब 44 रुपये तक अधिक किराया देना पड़ सकता है।वहीं, पटना–समस्तीपुर रूट पर 17 रुपये की न्यूनतम बढ़ोतरी प्रस्तावित है।इसके अलावा पटना से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, जयनगर, बिहारशरीफ और नवादा जैसे प्रमुख रूटों पर 17 से 40 रुपये तक किराया बढ़ने का अनुमान है।सेमी डीलक्स बसों के किराये में भी इसी अनुपात में वृद्धि की तैयारी है।

पूरे प्रदेश के लाखों यात्रियों पर पड़ेगा असर
फिलहाल BSRTC पूरे बिहार में 525 बसों का संचालन करता है। इनमें से 125 बसें सिटी बस के रूप में चलती हैं, जिनमें 112 सीएनजी और 12 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।लॉन्ग रूट पर 400 बसें संचालित हैं, जिनमें अधिकांश डीजल बसें हैं। ऐसे में किराये में बदलाव का असर लाखों दैनिक यात्रियों पर पड़ना तय माना जा रहा है।निगम के अधिकारियों के मुताबिक, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी, मेंटेनेंस लागत और संचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले चार वर्षों में किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया, जबकि खर्च कई गुना बढ़ चुके हैं। इसी कारण किराया संशोधन को जरूरी बताया जा रहा है।परिवहन विभाग से स्वीकृति मिलते ही नई दरें लागू कर दी जाएंगी। संकेत हैं कि होली से पहले ही यात्रियों को महंगे सफर के लिए तैयार रहना होगा।