नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के डिबेट चैलेंज को किया स्वीकार, कहा- वे मंच लगवाएं.. समय.. दिन बताएं.. हम आ जाएंगे

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पर बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाया है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि एनएमसीएच को लेकर हमने वीडियो भी जारी किया है। हकीकत है कि अस्पताल में चूहे घुम रहे हैं। लोगों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। माफिया बेड बेच रहे हैं।वहीं तेजस्वी ...

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के डिबेट चैलेंज को किया स्वीकार, कहा- वे मंच लगवाएं.. समय.. दिन बताएं.. हम आ जाएंगे
TEJSHWI YADAV

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पर बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाया है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि एनएमसीएच को लेकर हमने वीडियो भी जारी किया है। हकीकत है कि अस्पताल में चूहे घुम रहे हैं। लोगों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। माफिया बेड बेच रहे हैं।वहीं तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के डिबेट चैलेंज को स्वीकार करते हुए  कहा कि वे मंच लगवाएं। समय, दिन बताएं। हम आ जाएंगे। 

हमने मिशन 60 चलाया-तेजस्वी यादव

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से काम करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री को अस्पतालों का भी दौरा करना चाहिए। हमने अस्पताल नहीं आने वाले 700 डॉक्टरों को बर्खास्त किया था। आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ था। हमने मिशन 60 चलाया। 500 से अधिक दवाएं निःशुल्क देने की शुरुआत की। स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर होने का दावा करने वालों को मधेपुरा, पूर्णिया सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थिति की जानकारी देनी चाहिए। जब मान्यता समाप्त होने की बात आती है तो कर्मचारी बहाल कर दिए जाते हैं। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से कोई मतलब नहीं है।

बताएं कि उन्होंने क्या काम किया है?-मंगल पांडये

गौरतलब हो कि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा था कि तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई ने स्वास्थ्य मंत्री रहते कोई काम नहीं किया। तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं में ना तो कोई सुधार किया और ना ही किसी को नौकरी दी। वे केवल भाषण देते रह गए। मंगल पांडेय ने चुनौती दी थी कि तेजस्वी यादव खुले मंच पर आकर बहस करें और बताएं कि उन्होंने क्या काम किया है?

 हर विषय पर बहस को तैयार-नित्यानंद राय 

वहीं  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा बिहार में शांति, बेहतर विधि-व्यवस्था की बात हो या सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का। हर क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। मंत्री नित्यानंद राय पटना में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को चुनौती देता हूं कि वह बिहार के किसी भी भूमि पर विकास के मुद्दे पर बहस करने को तैयार हों। तेजस्वी यादव से हमारी पार्टी का कोई भी एक जिलाध्यक्ष हर विषय पर बहस को तैयार है। मगर तेजस्वी यादव में इसकी भी क्षमता नहीं है कि वे हमारे जिलाध्यक्ष से विकास के मुद्दे पर बहस कर सकें।