बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, ACS से लेकर DDC तक कई IAS अधिकारियों का तबादला
Bihar सरकार ने एक बार फिर बड़े स्तर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में अपर मुख्य सचिव...
Bihar सरकार ने एक बार फिर बड़े स्तर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में अपर मुख्य सचिव, सचिव, आयुक्त, डीएम और डीडीसी स्तर के कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सरकार ने कई विभागों में नए पदस्थापन के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे हैं।
गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग में इसी पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही वे पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के ACS का दायित्व भी संभालते रहेंगे। इस फैसले के बाद एचआर श्रीनिवास अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।
मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) में प्रधान सचिव बनाया गया है। PHED के सचिव पंकज कुमार पाल अब पथ निर्माण विभाग के सचिव होंगे।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। वे बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह को अगले आदेश तक गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सचिव दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का नया सचिव बनाया गया है। निर्वाचन विभाग के सचिव सह मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल अब शिक्षा विभाग का पूर्ण प्रभार संभालेंगे, जबकि खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा। इस फैसले के बाद बी. राजेंदर शिक्षा और खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो गए हैं।
भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भूतत्व विभाग का सचिव सह खान आयुक्त बनाया गया है। साथ ही उन्हें बिहार राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इस फेरबदल के बाद दिवेश सेहरा को खान विभाग से जुड़े सभी अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है।
दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को अगले आदेश तक कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं जीविका के CEO हिमांशु शर्मा को विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वे जीविका के CEO पद पर भी बने रहेंगे।
पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार को प्रमंडलीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं पटना के डीडीसी श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। भोजपुर की डीडीसी गुंजन सिंह को भी मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव पद पर पोस्टिंग मिली है। नालंदा के डीडीसी शुभम कुमार को पटना का उप विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है।













