सीतामढ़ी में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.45 लाख रिश्वत लेते JE गिरफ्तार
बिहार के सीतामढ़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद जनकपुर रोड कार्यालय के कनीय अभियंता (JE) विजय कुमार शर्मा को 1.45 लाख रुपये की रिश्वत...
बिहार के सीतामढ़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद जनकपुर रोड कार्यालय के कनीय अभियंता (JE) विजय कुमार शर्मा को 1.45 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में हुई इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया।
कार में बैठकर रिश्वत की रकम ले रहा था
जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग पटना की टीम ने आरोपी अभियंता को उस समय दबोचा, जब वह अपनी कार में बैठकर रिश्वत की रकम ले रहा था। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुपरी निवासी ठेकेदार राजभूषण प्रसाद से विभागीय कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने सत्यापन किया और फिर जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की नकद राशि भी बरामद की गई है।
टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई
कार्रवाई के दौरान अभियंता की कार में मौजूद ऋषि नामक युवक को भी निगरानी टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। फिलहाल उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।निगरानी विभाग ने आरोपी JE विजय कुमार शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है।













